Friday, September 4, 2026
spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडकोटद्वार में आधार सेवा केंद्र शुरू, अब आधार सेवाओं के लिए नहीं...

कोटद्वार में आधार सेवा केंद्र शुरू, अब आधार सेवाओं के लिए नहीं जाना पड़ेगा अन्य शहर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसुविधा एवं सुशासन के संकल्प को मिल रहा विस्तार

सिम्भलचौड़ में यूआईडीएआई के केंद्र का विधानसभा अध्यक्ष ने किया शुभारंभ, सप्ताह के सातों दिन मिलेंगी आधार संबंधी सेवाएं

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में नागरिकों को आवश्यक सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में कोटद्वार के सिम्भलचौड़ में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) द्वारा संचालित आधार सेवा केंद्र शुरू हो गया है। शुक्रवार को उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने केंद्र का शुभारंभ किया।

आधार सेवा केंद्र शुरू होने से कोटद्वार और आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को आधार से संबंधित कार्यों के लिए अब देहरादून अथवा अन्य शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। केंद्र में आधार नामांकन, जनसांख्यिकीय एवं जैविक पहचान संबंधी अद्यतन सहित विभिन्न आवश्यक सेवाएं उपलब्ध होंगी।

शुभारंभ अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आधार सेवा केंद्र क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को पूरा करेगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह केंद्र सप्ताह के सातों दिन, निर्धारित अवकाश को छोड़कर, नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराएगा। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए भी सुगम एवं विशेष सुविधाओं की व्यवस्था की गयी है।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने स्वयं अपने आधार कार्ड का जैविक पहचान अद्यतन कराया। उन्होंने फोटो, अंगुलियों के निशान और आंखों की पुतली की पहचान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने नागरिकों से आधार संबंधी आवश्यक अद्यतन समय पर कराने की अपील करते हुए अभिभावकों से बच्चों का अनिवार्य जैविक पहचान अद्यतन समय पर कराने को कहा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में पांच से 17 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए यह सुविधा निःशुल्क है। समय पर आधार अद्यतन होने से बच्चों को स्कूल, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न आवश्यक दस्तावेजी कार्यों में आधार संबंधी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

आधार सेवा केंद्र के शुरू होने से कोटद्वार क्षेत्र के लोगों को अपने ही शहर में आधार संबंधी सुविधाएं सुलभ रूप से मिल सकेंगी। इससे समय और आवागमन दोनों की बचत होगी तथा नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

इस अवसर पर यूआईडीएआई के उप महानिदेशक अविनाश अग्रवाल, क्षेत्रीय कार्यालय दिल्ली के निदेशक कुमार उज्ज्वल, परियोजना प्रबंधक मनु त्रिपाठी, सहायक प्रबंधक नितीश सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here


Most Popular

Recent Comments