Wednesday, August 19, 2026
spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडरेलटेल के शेयरों में 6% का उछाल, ₹290 के पार पहुंचा भाव

रेलटेल के शेयरों में 6% का उछाल, ₹290 के पार पहुंचा भाव

रेलटेल को मिला ₹166.80 करोड़ का बड़ा वर्क ऑर्डर, शेयरों ने पकड़ी रफ्तार

नई दिल्ली। सरकारी रेलवे टेलीकॉम कंपनी रेलटेल कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के शेयरों में 19 अगस्त को अचानक तेज खरीदारी देखने को मिली। कारोबार शुरू होते ही स्टॉक करीब 6 फीसदी से अधिक चढ़ गया और 297 रुपये के स्तर तक पहुंच गया। कंपनी को मिले करोड़ों रुपये के नए वर्क ऑर्डर को शेयरों में आई इस तेजी की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

रेलटेल के शेयर 282.65 रुपये पर खुले थे, जिसके बाद शुरुआती कारोबार में इनमें तेजी आई और भाव 297 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया। खास बात यह है कि पिछले करीब तीन महीनों से शेयर पर दबाव बना हुआ था, ऐसे में एक बड़े ऑर्डर की खबर से निवेशकों की दिलचस्पी फिर बढ़ती दिखाई दी।

EPFO से मिला 166.80 करोड़ रुपये का ऑर्डर

रेलटेल को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से टैक्स सहित करीब 166.80 करोड़ रुपये का वर्क ऑर्डर मिला है। इस कॉन्ट्रैक्ट के तहत कंपनी को ‘इंफ्रास्ट्रक्चर-एज-ए-सर्विस’ (IaaS) उपलब्ध कराने से जुड़े मौजूदा वर्क ऑर्डर को एक साल के लिए बढ़ाया गया है। इस प्रोजेक्ट को 9 फरवरी 2027 तक पूरा किया जाना है।

इससे पहले 12 अगस्त को कंपनी को दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी से करीब 63 करोड़ रुपये का वर्क ऑर्डर मिलने की जानकारी सामने आई थी। लगातार मिल रहे ऑर्डर्स को कंपनी के कारोबार के लिहाज से सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

दो साल से शेयर पर बना हुआ है दबाव

रेलटेल के शेयरों ने बीते कुछ समय में निवेशकों को खास रिटर्न नहीं दिया है। साल 2025 में स्टॉक करीब 15 फीसदी गिरा, जबकि 2026 में अब तक इसमें 10 फीसदी से ज्यादा की कमजोरी दर्ज की गई है।

शेयर का 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर 413.10 रुपये और निचला स्तर 244.95 रुपये रहा है। मौजूदा स्तर पर स्टॉक अपने 52-हफ्ते के हाई से करीब 32.91 फीसदी नीचे और लो से लगभग 13.15 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा है।

कंपनी के कारोबार में भी हुई बढ़ोतरी

जून 2026 में समाप्त तिमाही के दौरान रेलटेल का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर करीब 66 करोड़ रुपये रहा। वहीं कंपनी का रेवेन्यू पिछले साल की समान तिमाही के 743.8 करोड़ रुपये के मुकाबले 20.1 फीसदी बढ़कर 893.2 करोड़ रुपये पहुंच गया।

रेलटेल कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया भारत सरकार की नवरत्न कंपनी है और रेलवे के अलावा टेलीकॉम एवं डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े क्षेत्रों में काम करती है। कंपनी ब्रॉडबैंड, वीपीएन, टेलीकॉम और मल्टीमीडिया नेटवर्क जैसी सेवाएं उपलब्ध कराती है। रेलटेल का नेटवर्क देशभर के करीब 6,000 रेलवे स्टेशनों तक फैला हुआ है और यह प्रमुख वाणिज्यिक केंद्रों को भी कवर करता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here


Most Popular

Recent Comments