नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के सीआर पार्क इलाके में स्थित गंगोत्री एन्क्लेव, अलकनंदा की एक उच्च-वर्गीय सोसाइटी में घर मंदिर से भगवान लड्डू गोपाल की सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर चित्तरंजन पार्क थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह उन्होंने रोज़ की तरह पूजा-अर्चना की और लड्डू गोपाल का श्रृंगार करते हुए उनके गले में सोने की चेन पहनाई थी। इसके बाद वे अपने कार्यालय के लिए निकल गए।
रात में जब लड्डू गोपाल का श्रृंगार उतारना शुरू किया गया, तब चेन गायब पाई गई। घर के मंदिर स्थल में तुरंत खोजबीन की गई, लेकिन चेन का कोई सुराग नहीं मिल सका। अगले दिन भी दोबारा तलाश की गई, ताकि किसी पर बेवजह आरोप न लगे।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यह चेन धार्मिक और भावनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण थी। उन्होंने आशंका जताई है कि घर में काम करने वाली एक महिला सहायिका इस घटना में शामिल है।
मामले में शनिवार रात को FIR दर्ज की गई है। हालांकि, शिकायतकर्ता का आरोप है कि शनिवार को FIR दर्ज होने के बाद भी सोमवार रात तक पुलिस जांच शुरू नहीं कर पाई है। उनका कहना है कि पुलिस ने व्यस्तता का हवाला दिया है।
फिलहाल, पीड़ित परिवार ने जल्द से जल्द जांच शुरू करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की आगामी कार्रवाई पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।



