कार रोकने के लिए टायर पर चलाई गोली रिटायर्ड ब्रिगेडियर को लगी
देहरादून। देहरादून के राजपुर रोड क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां ओवरटेकिंग को लेकर दो कार सवारों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। स्कॉर्पियो कार सवार व्यक्तियों द्वारा दूसरी कार को रोकने के लिए की गई फायरिंग में एक 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर के. जोशी की मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव के पास फायरिंग की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत राजपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर मालसी के पास एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और स्कॉर्पियो N कार में सवार लोगों के बीच ओवरटेक को लेकर विवाद हो गया था।
विवाद बढ़ने पर स्कॉर्पियो सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर का पीछा करते हुए उसे रोकने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग कर दी। इसी दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर के. जोशी को गोली लग गई, जिनका इस विवाद से कोई लेना-देना नहीं था।
घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव के पास एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने फॉर्च्यूनर में सवार लोगों के साथ मारपीट कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग घायल हुए हैं।
घटना के बाद आरोपी मौके पर अपनी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ती रोड रेज की घटनाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



