देहरादून, । उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने उत्तराखण्ड सरकार के वरिष्ठ मंत्री गणेश जोशी द्वारा कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के बारे में की गई अनर्गल एवं अभद्र टिप्पणी की कड़े शब्दों में निन्दा करते हुए भाजपा सरकार के मंत्री गणेश जोशी से देश से सार्वहनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। भाजपा सरकार के मंत्री गणेश जोशी द्वारा कांग्रेस नेताओं पर की गई अभद्र टिप्पणी पर कडी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्री करण माहरा ने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री द्वारा कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी व व्यक्तिगत टिप्पणियां कर उन्हें अपमानित किया गया है जिसकी जितने भी कडे शब्दों में निन्दा की जाय कम है। उन्होंने कहा कि सत्ता के मद में चूर भाजपा सरकार के मंत्री गणेश जोशी द्वारा कांग्रेस नेताओं के खिलाफ की गई टिप्पणी की कांग्रेस पार्टी कडे शब्दों में निन्दा करती है तथा चेतावनी देती है कि भाजपा नेता अपनी अभद्र टिप्पणियों से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों का अपमान करने से बाज आयें।



