Thursday, September 24, 2026
spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडमोटर मार्ग का मलबा गिरने से नगर को खतरा

मोटर मार्ग का मलबा गिरने से नगर को खतरा

रूद्रप्रयाग, । रुद्रप्रयाग-चिनग्वाड़ मोटर मार्ग के दौरान कटिंग का मलबा डंपिंग जोन के बजाय सीधे पुनाड़ गदेरे में फेंका जा रहा है। जिससे रुद्रप्रयाग शहर को खतरा पैदा हो गया है। मलबा गदेरे में डालने से यहां नगर की पेयजल लाइन भी क्षतिग्रस्त हो रही है, किंतु प्रशासन के सामने यह सबकुछ होने के बाद भी मलबा डंपिंग जोन में नहीं डाला जा रहा है।
पीएमजीएसवाई के तहत 9 किमी रुद्रप्रयाग-चिनग्वाड़ मोटरमार्ग का कटिंग का कार्य जोरों पर चल रहा है। ऐसे में नियमानुसार कटिंग का मलबा डंपिंग जोन में डाला जाना था किंतु मलबा सीधे पुनाड़ गदेरे में डाला जा रहा है। कटिंग में बड़ी संख्या में पेड़ों को भी नुकसान पहुंच रहा है। स्थानीय जनता बार-बार मलबे को डंपिंग जोन में फेंकने की मांग कर रही है। रुद्रप्रयाग शहर के ठीक ऊपर स्थित पुनाड़ गदेरे में मलबा डालने से यह बरसात में भारी तबाही कर सकता है। इससे नगर के नए व पुराना बस अड्डे के आवासीय भवनों के लिए खतरा हो सकता है। पूर्व में कई बार गदेरे के उफान पर आने से लोग पूरी रात सो नहीं पाते हैं। लेकिन इस बार गदेरे में बड़ी मात्रा में मलबा डाले जाने से खतरा पहले से ज्यादा बढ़ गया है। मलबा गदेरे में जगह-जगह फेंके जाने से नगर क्षेत्र की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो रही है। बरसात में डांगसेरा, काला पहाड़, हितडांग, बस अड्डा के साथ ही मेन मार्केट को पुनाड़ गदेरे से खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासी अरूण कप्रवाण, भगत सिंह बिष्ट, गजेन्द्र सिंह कप्रवाण ने कहा कि मोटरमार्ग कटिंग की शुरुआत से ही विभाग को इस संबंध में अवगत कराया गया था, किंतु विभाग ने अनदेखी की। मोटर मार्ग कटथ्ंग से बड़ी संख्या में पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया गया। कटे हुए पेड़ भी गदेरे में फेंके जा रहे हैं, जो बरसाती दिनों में तबाही का कारण बन सकते हैं। इधर, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संजय सिंह ने कहा कि पुनाड़ गदेरे के ऊपर रुद्रप्रयाग-चिनग्वाड़ मोटरमार्ग कटिंग का कार्य चल रहा है। कटिंग का मलबा सीधे पुनाड़ गदेरे में फेंक रहा है, जिस कारण पेयजल लाइन भी बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही है। पीएमजीएसवाई को पत्र भेजकर लाइन दुरुस्त करने को कहा गया, लेकिन विभाग की ओर से हर बार टालमटोल किया गया, जिस कारण नगर की जनता को परेशान होना पड़ रहा है। वहीं कार्यदायी संस्था का कहना है कि सड़क की कटिंग का मलबा डपिंग जोन में डाला जा रहा है। साथ ही कटिंग से जनहित प्रभावित न हो इसका पूरा ध्यान दिया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here


Most Popular

Recent Comments