पौड़ी में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, पॉक्सो अधिनियम और ऑनलाइन सुरक्षा की दी जानकारी
पौड़ी- राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के राष्ट्रव्यापी ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत मंगलवार को हिल्स इंटरनेशनल स्कूल, पौड़ी में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला जज धर्म सिंह की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, बाल यौन शोषण से बचाव, व्यक्तिगत सुरक्षा और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष ने किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में रहने, शिक्षा प्राप्त करने और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है। बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ ही व्यक्तिगत एवं ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना चाहिए। किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार, शोषण अथवा उत्पीड़न की स्थिति में बिना भय और संकोच के माता-पिता, शिक्षकों या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता भी प्राप्त की जा सकती है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाज़िश कलीम ने बताया कि ‘हर बच्चे का बचपन, हम सबकी जिम्मेदारी’ संदेश के साथ संचालित अभियान का प्रथम चरण 26 से 31 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जबकि द्वितीय चरण नवंबर 2027 तक जारी रहेगा। अभियान के तहत विद्यालयों, शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग से बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा उनके लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। वहीं शिविर में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), 2012 के प्रावधानों, बाल यौन शोषण की रोकथाम, अनुचित व्यवहार की पहचान और ऐसी घटनाओं की शिकायत करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। साथ ही इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध या अनुचित गतिविधि की जानकारी विश्वसनीय व्यक्ति या संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शहजाद ए. वाहिद, , सिविल जज अमित भट्ट, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमल प्रसाद बमराड़ा, वरिष्ठ अधिवक्ता महेश बलूनी, खंड शिक्षा अधिकारी मास्टर आदर्श, प्रधानाचार्य विकास रावत सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


