Sunday, October 18, 2026
spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडत्योहारी सीजन में FDA का बड़ा एक्शन, राजपुर रोड के नामी कैफे-रेस्टोरेंट...

त्योहारी सीजन में FDA का बड़ा एक्शन, राजपुर रोड के नामी कैफे-रेस्टोरेंट में छापेमारी

चार प्रतिष्ठानों से पनीर, केक, हल्दी पाउडर और पेस्ट्री के सैंपल लिए, जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे

बंद करने के निर्देशों की अनदेखी पर तम्तारा कैफे के खिलाफ कार्रवाई, खाद्य सुरक्षा विभाग ने जारी किए नोटिस

देहरादून। त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और आम जनता को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में रविवार को देहरादून के राजपुर रोड स्थित चार नामी कैफे और रेस्टोरेंट में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस भी जारी किए गए हैं।

आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय के निर्देशों पर FDA की टीम ने राजपुर रोड स्थित अमा कैफे (AMA Cafe), बर्लिन रेस्टोरेंट (BERLIN), XOXO Cafe/Bakery और Basque Restaurant का निरीक्षण किया। टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए पनीर, केक, हल्दी पाउडर और पेस्ट्री के नमूने एकत्र किए। इन नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बंदी के निर्देशों की अनदेखी पर तम्तारा कैफे के खिलाफ कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग ने राजपुर रोड स्थित तम्तारा (TAMTARA) कैफे के मामले में भी कार्रवाई की है। विभाग के अनुसार, 17 अक्टूबर को निरीक्षण के दौरान कैफे को बंद करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता ने इन निर्देशों का पालन नहीं किया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 55 और अन्य लागू प्रावधानों के तहत विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

त्योहारी सीजन में बढ़ाई निगरानी

त्योहारी सीजन में मिठाइयों, बेकरी उत्पादों और डेयरी पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी तेज कर दी है। अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है। विभाग की टीमें प्रदेशभर में निरीक्षण, नमूना संग्रह और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई कर रही हैं।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई: विनय शंकर पाण्डेय

आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजने और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और खाद्य कारोबारकर्ताओं को नियमों के प्रति जवाबदेह बनाने के लिए प्रदेशभर में अभियान लगातार चलाया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here


Most Popular

Recent Comments