Tuesday, October 13, 2026
spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडदेहरादून में मतदाता जागरूकता गतिविधियां तेज, जिलाधिकारी ने सभी विभागों को दिए...

देहरादून में मतदाता जागरूकता गतिविधियां तेज, जिलाधिकारी ने सभी विभागों को दिए निर्देश

कम मतदान वाले बूथों पर 75 प्रतिशत से अधिक मतदान का लक्ष्य, स्वीप अभियान तेज

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और प्रत्येक मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए देहरादून जनपद में मतदाता जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने विगत चुनावों में 50 प्रतिशत से कम मतदान वाले मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान चलाकर 75 प्रतिशत से अधिक मतदान का लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए हैं।

सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम के तहत जनपद के शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी बनाने और अधिकाधिक लोगों तक पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

कम मतदान वाले क्षेत्रों पर विशेष फोकस

जिलाधिकारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, पूर्ति, उद्योग, खेल, श्रम, पंचायती राज, परिवहन, विद्युत, दूरसंचार, वाणिज्य कर, एमडीडीए और नगर निगम सहित सभी संबंधित विभागों तथा विकासखंड स्तरीय कार्यालयों को विशेष जागरूकता गतिविधियां संचालित करने को कहा है। अभियान के तहत मतदाताओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भूमिका और मताधिकार के प्रयोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

स्कूलों में छात्र परिषद चुनाव से समझाई लोकतंत्र की प्रक्रिया

स्वीप अभियान के अंतर्गत सनातन धर्म इंटर कॉलेज, मसूरी में छात्र-छात्राओं को मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता की भूमिका की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव देने के लिए विद्यालय में लोकतांत्रिक प्रणाली के अनुरूप छात्र परिषद के चुनाव कराए गए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और चुनाव प्रक्रिया को समझते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता प्राप्त की।

जोड़ी गांव में ग्रामीणों को किया जागरूक

इसी क्रम में जोड़ी गांव में भी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कम मतदान वाले क्षेत्रों में विशेष रूप से जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य अधिकाधिक मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना और आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here


Most Popular

Recent Comments