Monday, March 2, 2026
spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडशिकायतों पर तत्पर प्रशासन- हर प्रकरण की साप्ताहिक समीक्षा के निर्देश

शिकायतों पर तत्पर प्रशासन- हर प्रकरण की साप्ताहिक समीक्षा के निर्देश

जनता मिलन कार्यक्रम में मुआवजा, पेयजल और निर्माण गुणवत्ता प्रकरणों पर सीडीओ द्वारा त्वरित कार्रवाई के निर्देश

पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न जनसमस्याओं पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। इस दौरान पेयजल आपूर्ति, राशन वितरण, खेल मैदान विस्तार, राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण से जुड़े मुआवजा प्रकरण तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता संबंधी करीब आधा दर्जन शिकायतें दर्ज हुईं। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाय तथा आगामी सोमवार को प्रत्येक प्रकरण पर की गई कार्यवाही की आख्या अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाय।

जनता मिलन में तहसील पौड़ी के ग्राम नौली निवासी राकेश सिंह द्वारा पेयजल आपूर्ति बाधित होने, राशन न मिलने एवं आर्थिक तंगी की शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी ने उपजिलाधिकारी पौड़ी को निर्देशित किया कि राजस्व कर्मियों से स्थलीय जांच कराकर वस्तुस्थिति स्पष्ट की जाए तथा खाद्य एवं पूर्ति विभाग उज्ज्वला गैस योजना एवं राशन वितरण की स्थिति स्पष्ट करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे। वहीं ग्राम बौंसरी निवासी सुरेशचन्द्र बड़थ्वाल द्वारा ल्वाली के निकट डडुवादेवी क्षेत्र में निर्माणाधीन खेल मैदान के विस्तारीकरण संबंधी प्रकरण पर संबंधित विभागीय अधिकारी को त्वरित परीक्षण एवं आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

नांदलस्यूं बैंग्वाड़ी निवासी ऊषा देवी द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के अंतर्गत तिमंजिला आवासीय भवन के कम आकलित मुआवजे संबंधी शिकायत पर अवगत कराया गया कि भारत सरकार से मुआवजे की धनराशि का अवार्ड पारित हो चुका है तथा आपत्ति की स्थिति में अपर आयुक्त स्तर पर मध्यस्थता का प्रावधान उपलब्ध है। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित एसएलएओ कार्यालय को फरियादी को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में गढ़वाल बैडमिंटन एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट राजेन्द्र सिंह बंगारी द्वारा कण्डोलिया स्थित इण्डोर बैडमिन्टन हॉल में लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खण्ड द्वारा बनाए जा रहे लकड़ी के फर्श की गुणवत्ता पर उठायी गयी आपत्ति को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं खेल विभाग के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर वस्तुस्थिति स्पष्ट करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तकनीकी परीक्षण कराने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग अभिनव रावत, ईओ नगर पालिका परिषद पौड़ी संजय कुमार, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल तथा अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here


Most Popular

Recent Comments