Tuesday, March 10, 2026
spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडमहिला सुरक्षा के प्रति उत्तराखंड सरकार संवेदनहीनः ज्योति

महिला सुरक्षा के प्रति उत्तराखंड सरकार संवेदनहीनः ज्योति

देहरादून, । महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में आज महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने देहरादून में महिला अपराध की घटनाओं को लेकर एक प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी देहरादून के माध्यम से राज्यपाल एवं महिला आयोग की अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते हुए राज्य मे महिलाओं व नाबालिग बच्चियों के विरूद्ध हो रही हिंसा, बलात्कार व जघन्य हत्या की घटनाओं पर लगाम लगाये जाने की मांग की।
जिलाधिकारी देहरादून के माध्यम से राज्यपाल उत्तराखंड एवं महिला आयोग की अध्यक्ष को सौंपे ज्ञापन में ज्योति रौतेला ने कहा कि महिला सम्मान, भ्रष्टाचार और भयमुक्त समाज के अपने वादे पर अमल करने में उत्तराखंड की भाजपा सरकार पूरी तरह नाकाम रही है। राज्य सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल में राज्य में हत्या, मासूमों से बलात्कार एवं महिलाओं से सम्बन्धित जघन्य अपराधों की घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है। भारतीय जनता पार्टी के शासन में राज्यभर में महिलाओं के साथ सामूहिक बलात्कार, हत्या और जघन्य अपराधों की बाढ़ सी आई है। उत्तराखण्ड राज्य में औसतन प्रति माह एक बलात्कार और हत्या की घटना घटित हो रही है। तीन वर्ष पूर्व उत्तराखण्ड राज्य में हुए अंकिता भंडारी जघन्य हत्याकांड में शामिल वी.आई.पी. का नाम अभी तक उजागर नहीं हो पाया है तथा राज्य में लगातार सामूहिक बलात्कार व हत्या की घटनाओं में सत्ताधारी दल के लोगों की संलिप्तता उजागर हो रही है। राज्य में लगातार घट रही इन घटनाओं से महिला सम्मान के साथ-साथ राज्य की अस्मिता पर भी चोट पहुंची है। राज्य में भय का वातावरण व्याप्त है तथा आमजन विशेषकर महिलाएं अपने को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने यह भी कहा कि जहां हरिद्वार में अपनी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी से सामूहिक दुष्कर्म कराने का मामला भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारी अनामिका शर्मा से जुड़ा हुआ है वही अंकिता भंडारी हत्याकांड में मुख्य आरोपी भाजपा नेता का पुत्र पुलकित आर्य, द्वाराहाट में नाबालिग दलित युवती से बलात्कार मामले में मुख्य आरोपी भाजपा नेता प्रमोद बिष्ट, रूद्रपुर में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म मे मुख्य आरोपी भाजपा नेता नरेन्द्र गंगवार, बहादराबाद में दलित युवती की बलात्कार एवं हत्या कांड में मुख्य आरोपी भाजपा नेता अमित सैनी, लालकुंआ नाबालिग बलात्कार कांड में मुख्य आरोपी भाजपा नेता, नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, अल्मोड़ा में 14 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड कांड में मुख्य आरोपी भाजपा मंडल अध्यक्ष भगवत सिंह बोरा तथा रूद्रपुर में नाबालिग लड़की एवं उसकी मां से छेड़छाड़ मामले में मुख्य आरोपी भाजपा पार्षद शिव कुमार गंगवार हैं। इसके अलावा भाजपा मुख्यालय में अपने ही दल की एक महिला कार्यकर्ता द्वारा भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) पर यौन उत्पीड़न के आरोप तथा हरिद्वार से भाजपा विधायक सुरेश राठौर पर बलात्कार का आरोप लगा है। उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार सामूहिक बलात्कार व हत्या की घटनाओं में सत्ताधारी दल के लोगों की संलिप्तता उजागर हो रही है। भाजपा सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल में घटी इन महिला अपराध की घटनाओं में सत्ताधारी दल के नेताओं की संलिप्तता ने देवभूमि उत्तराखण्ड की अस्मिता को तार-तार कर रख दिया है। मासूमों से बलात्कार एवं हत्या की इन घटनाओं की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराते हुए अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी नितांत आवश्यक है। प्रदेश महिला कांग्रेस ने राज्यपाल एवं महिला आयोग अध्यक्ष से मांग की कि महिलाओं से सम्बन्धित इन घृणित आपराधिक घटनाओं के लिए दोषी अपराधियों के खिलाफ शीघ्र कठोर कानूनी कार्रवाई की जाय तथा महिला अपराधों पर तत्काल अंकुश लगाया जाय। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष नजमा खान, आशा शर्मा, जया कर्नाटक, भागीरथी, चन्द्रकला नेगी, जिलाध्यक्ष नैनीताल खष्टी बिष्ट, महासचिव निधि नेगी, अनुराधा तिवाडी, मीना शर्मा, पूजा सिंह, आशा रावत, सुनीता कश्यप, सुशीला शर्मा, सुष्मा दमोड़ा, राधा आर्य, कैलाशी, भावना भट्ट आदि महिला कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here


Most Popular

Recent Comments