देहरादून, । कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल के केंद्रीय पुस्तकालय का नाम महावीर चक्र विजेता शहीद मेजर राजेश अधिकारी के नाम से जाना जाएगा। शुक्रवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने राजभवन देहरादून से इसका वर्चुअली शुभारंभ किया। अपने वर्चुअल संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि यह अत्यंत हर्ष एवं गर्व का विषय है कि राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले कुमाऊँ विश्वविद्यालय के छात्र रहे शहीद मेजर राजेश अधिकारी के नाम पर केंद्रीय पुस्तकालय का नाम रखे जाने के ऐतिहासिक पलों के हम सभी साक्षी बन रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि हम सभी शहीद मेजर राजेश अधिकारी के देश प्रेम से ओत-प्रोत जीवन से प्रेरणा लेते हुए देश की एकता व अखंडता को कायम रखने में अपना अधिकाधिक योगदान देंगे।



