Tuesday, March 10, 2026
spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडबनचूरी बहुउद्देश्यीय शिविर में 40 शिकायतें दर्ज, 182 लोगों को मिला योजनाओं...

बनचूरी बहुउद्देश्यीय शिविर में 40 शिकायतें दर्ज, 182 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

पौड़ी-  विकासखंड यमकेश्वर की न्याय पंचायत बनचूरी में शनिवार को ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया तथा पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया।

आयोजित शिविर में कुल 40 शिकायतें दर्ज की गयी। संबंधित विभागों की सक्रियता के चलते अधिकांश शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए दर्ज किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत 182 लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं के लाभ दिया गया। कार्यक्रम में 456 से अधिक ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और विभागीय स्टॉलों से जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने की। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो मामले मौके पर निस्तारित नहीं हो सके हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन योजनाओं की जानकारी, बाल विकास विभाग द्वारा पोषण योजनाओं का पंजीकरण, राजस्व विभाग द्वारा प्रमाण पत्र संबंधी सेवाएं, पूर्ति विभाग द्वारा राशन कार्ड संबंधी समस्याओं का समाधान, वन विभाग, आयुष विभाग सहित कुल 23 विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान, जिला पंचायत सदस्य कविता डबराल व बच्चन सिंह बिष्ट, अधिशाषी अभियंता जल निगम आशीष मिश्रा, एडीओ पंचायत दिनेश रावत सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here


Most Popular

Recent Comments