Tuesday, March 3, 2026
spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंड5 सितंबर तक दोनों धार्मिक यात्राओं को स्थगित करने का निर्णय लिया

5 सितंबर तक दोनों धार्मिक यात्राओं को स्थगित करने का निर्णय लिया

देहरादून, आ। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने एक बार फिर चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा को प्रभावित कर दिया है। राज्य सरकार ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 5 सितंबर तक दोनों धार्मिक यात्राओं को स्थगित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री के सचिव एवं गढवाल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने जानकारी दी कि भारी बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में भूस्खलन और मलबा आने से सड़कें बाधित हो रही हैं। हालांकि सरकार और प्रशासन युद्धस्तर पर मार्ग खोलने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन यात्रियों की सुविधा और जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय आवश्यक माना गया है।
गढ़वाल आयुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रतिकूल मौसम को देखते हुए अभी यात्रा मार्गों पर न निकलें और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। उन्होंने कहा कि यात्रियों को संयम और धैर्य बनाए रखना चाहिए तथा यात्रा से संबंधित अद्यतन जानकारी के लिए प्रशासनिक नियंत्रण कक्ष से संपर्क बनाए रखना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार और स्थानीय प्रशासन सड़क मार्गों की निगरानी, सफाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। मौसम सामान्य होने और रास्ते पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के बाद ही यात्राओं को पुनः शुरू किया जाएगा।
इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अगले 24 से 48 घंटे प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि कुछ जिले रेड अलर्ट और कुछ ऑरेंज अलर्ट पर हैं, इसलिए पूरे प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य सभी विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। मुख्यमंत्री ने नानक सागर बांध की स्थिति पर भी जानकारी दी और कहा कि यह फिलहाल खतरे के निशान से पांच फीट नीचे बह रहा है, लेकिन उस पर लगातार नजर रखी जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here


Most Popular

Recent Comments