Tuesday, May 13, 2025
Homeउत्तराखंडरानीखेत में उद्यान विभाग में हुए करोड़ों रूपये के घोटाले

रानीखेत में उद्यान विभाग में हुए करोड़ों रूपये के घोटाले

देहरादून, । उत्तराखण्ड प्रदेश युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने युवा महानगर अध्यक्ष मोहित मेहता के नेतृत्व में कृषि मंत्री गणेश जोशी की शव यात्रा निकाल कर उनके पुतले को आग के हवाले किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत युवा कांग्रेस कार्यकर्ता बडी संख्या में प्रदेश कार्यालय में एकत्र हुए जहां से युवा कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष मोहित मेहता के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी की शव यात्रा लेकर क्लेहॉल चैक की ओर गये जहां पर उन्होंने गणेश जोशी के पुतले को आग के हवाले किया। इस अवसर पर युवा कांग्रेस महासचिव स्वाति नेगी ने कृषि मंत्री गणेश जोशी पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों पर न्यायालय द्वारा दिये गये निर्देशों पर बोलते हुए कहा कि कृषि मंत्री पर आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने के आरोपों के मामले में विशेष न्यायाधीश (सतर्कता) मनीष मिश्रा की अदालत द्वारा मंत्री परिषद से निर्णय लेने के निर्देश धामी सरकार को दिये गये हैं परन्तु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता मंत्री के भ्रष्टाचार का बचाव करते दिखाई दे रहे हैं।युवा महासचिव स्वाति नेगी ने कहा कि इससे पूर्व भी रानीखेत में उद्यान विभाग में हुए करोड़ों रूपये के घोटाले के आरोप भी गणेश जोशी पर लगे हैं परन्तु भाजपा सरकार द्वारा इसकी भी जांच नहीं कराई गई है। परन्तु अब कोर्ट की फटकार पडने पर सरकार को चेतना चाहिए तथा मंत्री पर लगे आरोपों की जांच के निर्देश देने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने प्रत्येक भाषण में भय और भ्रष्टाचार को समाप्त करने की बात करते हैं। जीरो टॉलरेंस का दावा करने वाले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कृषिमंत्री गणेश जोशी ने उन्हीं की नाक के नीचे करोड़ों रूपये के भ्रष्टाचार को अंजाम देकर नरेन्द्र मोदी और पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों को पलीता लगाने का काम किया है। कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मोहित मेहता ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य सीमित आय वाला राज्य है। जहां एक ओर राज्य में बेरोजगारों की फौज खड़ी हो रही है वहीं भाजपा सरकार के मंत्री भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री के  आय से अधिक संपत्ति के मामले में उनकी जांच होनी है। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री गणेश जोशी में जरा सी भी नैतिकता होती तो उन्हें मंत्री पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए था परन्तु दाल में कुछ काला जरूर है जिसकी पर्दादारी की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचार को खत्म करने की मंसा रखते हैं तो उन्हें कृषि मंत्री गणेश जोशी को तत्काल मंत्री पद से हटाते हुए कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप मामले की जांच के आदेश देने चाहिए। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ समान दृष्टि रखने की नसीहत उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत भी दे चुके हैं कि यदि भ्रष्टाचार पर सरकार का जीरो टॉलरेंस का रवैया रहता है तो उसे धर्म का रास्ता अपनाते हुए जिस व्यक्ति पर आरोप लगे हैं उसकी जांच करवाने के लिए सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा न करने पर महामहिम राज्यपाल को गणेश जोशी को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए। कार्यक्रम में अंकित थापा,मौ.वसीम,रोबिन त्यागी,गौरव रावत,पार्षद अर्जुन सोनकर,शरीफ अहमद वेग,सुलेमान अली,मोहन कुमार काला,टिंकल अरोड़ा,अमन उज्जैनवाल लडडू,दारा सिंह ,विकास नेगी , सागर सेमवाल सहित अनेक युवा  कांग्रेस  कार्यकर्ता उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments